भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के जिला महामंत्री बने कपिलेश्वर सिंह, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

अंकिरा        क्षेत्र के सक्रिय समाजसेवी एवं लंबे समय से किसानों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करते आ रहे कपिलेश्वर सिंह को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा का जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है। संगठन के प्रदेश नेतृत्व द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के बाद पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया और कार्यकर्ताओं में खासा जोश देखा गया।
नियुक्ति की खबर फैलते ही सुबह से ही उनके निवास स्थान पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। आसपास के गांवों से किसान, जनप्रतिनिधि, युवा कार्यकर्ता एवं सामाजिक संगठनों के लोग पहुंचकर पुष्पगुच्छ व माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी तथा ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी जाहिर की। कई जगह आतिशबाजी भी की गई और संगठन के समर्थन में नारे लगाए गए। लोगों ने इसे क्षेत्र के किसानों की आवाज को मजबूती मिलने वाला निर्णय बताया।
इस अवसर पर कपिलेश्वर सिंह ने सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उनके लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे जिले के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर किसानों की समस्याओं को समझेंगे और उन्हें शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराना, समर्थन मूल्य पर धान एवं अन्य फसलों की खरीदी, लंबित फसल बीमा राशि का भुगतान, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार, बिजली कटौती की समस्या, वनभूमि पट्टा वितरण और प्रधानमंत्री कृषि योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके लिए विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और ग्राम स्तर पर किसान बैठकों का आयोजन किया जाएगा।
कपिलेश्वर सिंह ने आगे कहा कि आज भी कई किसान योजनाओं की जानकारी के अभाव में लाभ से वंचित रह जाते हैं, इसलिए किसान मोर्चा गांव-गांव जाकर जागरूकता अभियान चलाएगा। युवा किसानों को आधुनिक खेती, नई तकनीक और कृषि आधारित स्वरोजगार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा ताकि खेती को लाभकारी बनाया जा सके।
जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा किसानों की समस्याओं का समाधान तेजी से होगा। उन्होंने कहा कि कपिलेश्वर सिंह जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं और किसानों के बीच उनकी अच्छी पकड़ है, जिसका लाभ संगठन को मिलेगा।
ग्रामीणों एवं किसानों ने उम्मीद जताई कि अब उनकी समस्याओं को प्रभावी मंच मिलेगा और प्रशासनिक स्तर पर निराकरण में तेजी आएगी। क्षेत्र में देर शाम तक बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा और लोगों ने उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

Comments

Popular posts from this blog

फरसाबहार ब्लॉक यादव समाज की बैठक में अध्यक्ष नंदलाल और सचिव पुरनो यादव बने

लुड़ेग से तपकरा चौक तक 41 किमी सड़क निर्माण को स्वीकृति, 110.33 करोड़ की लागत से बनेगी नई लाइफ लाइन सड़क

कृषक उन्नति योजना: फरसाबहार में 5936 किसानों के खातों में 35.76 करोड़ की अंतर राशि डीबीटी से जमा